उधमपुर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) श्रीनगर की तरफ से जारी मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उधमपुर ने 28 से 31 जुलाई तक जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार 30 जुलाई को जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते जिला प्रशासन ने आम जनता और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इससे भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और नदियों व नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि का खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से रामनगर, चिनैनी, लाटी-डुडू, पंचैरी, मोंगरी, बसंतगढ़, मजालता और उधमपुर के पहाड़ी व संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका अधिक है। इसके कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44), रामनगर-बसंतगढ़-लाटी मार्ग और अन्य संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन ने आम जनता को सलाह दी है कि वे इस अवधि के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं। किसानों और बागवानों को नुकसान से बचने के लिए 28 से 31 जुलाई तक खेती और छिड़काव से जुड़े सभी कार्य स्थगित रखने को कहा गया है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, पुलिस, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ और सिंचाई विभाग सहित सभी आपात सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 01992-272727, 01992-272728 या 112 पर संपर्क किया जा सकता है।