चिनैनी। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है। थाना चिनैनी में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद इमरान खान निवासी कोसर की तरफ से वन भूमि पर किया गया कब्जा हटाया गया।
जांच में पाया गया कि आरोपी ने खसरा नंबर 558 एवं कंपार्टमेंट नंबर 109 में लगभग दो कनाल सरकारी वन भूमि पर अवैध रूप से मकान बना रखा था। संबंधित विभागों के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर कब्जा हटाया गया और अवैध निर्माण को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। यह अभियान एसएसपी अमृतपाल के मार्गदर्शन और एसडीपीओ सुखवीर सिंह की देखरेख में थाना प्रभारी रघुबीर सिंह की अगुवाई में चलाया गया। मौके पर वाइल्डलाइफ विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।