उधमपुर। शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एमएच चौक से लेकर न्यू बस स्टैंड तक हर किसी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उबड़खाबड़ रोड और गड्ढों के साथ ही स्ट्रीट लाइट्स की पर्याप्त व्यवस्था न होने से महिलाओं व बच्चियों का वहां से गुजरना भी असुरक्षित हो चुका है, उस पर रात के समय हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।
पिछले कई सालों से सड़क की मरम्मत न होने से सड़क हादसों और चार दिन पहले स्कूटी से गिरने से हुई महिला की मौत के बाद सुर्खियों में आए पुराने राजमार्ग पर बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। स्ट्रीट लाइटें न होने की वजह से रात के समय हादसों की आशंका तो बढ़ ही जाती है परंतु अंधेरे के कारण एमएच चौक से न्यू बस स्टैंड तक महिलाओं और बच्चियों का अकेले गुजरना भी दुश्वार हो जाता है। इसी मार्ग से सैकड़ों की संख्या में कोचिंग या फिर अपने कामकाज से देर शाम भारी संख्या में बच्चियां और युवतियां पैदल सफर तय करती हैं लेकिन पर्याप्त लाइटिंग न होने की वजह से उन्हें डर के साए में गुजरना पड़ता है।