उधमपुर। शहरवासियों ने देविका और आसपास के विभिन्न मंदिरों या फिर देवस्थलों में माथा टेककर नववर्ष की शुरुआत की तो कई लोगों ने माता-पिता या बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर 2026 मंगलमय होने की कामना की। वीरवार को पहले दिन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में पहले से विशेष तैयारियां की गईं। मंदिरों को सुगंधित फूलों से सजाया गया था। दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए गए। टी माेड़ काली माता मंदिर, शारदा माता मंदिर, काली माता मंदिर बाडेयां, देविका मंदिर समूह, कारगिल हनुमान मंदिर आदि में विशेष धार्मिक कार्यक्रम हुए।
इससे पहले साल 2025 को अलविदा कहने और नववर्ष के स्वागत के लिए 31 दिसंबर को देर रात तक जश्न और बधाइयों का दौर चलता रहा। कुछ युवा और परिवार आसपास के पर्यटन स्थलों पर मस्ती करने पहुंचे तो कुछ होटल-रेस्त्राओं में दोस्तों व परिजनों के साथ जश्न मनाने पहुंचे। खाने-पीने के साथ जमकर डीजे और ढोल की थाप पर डांस किया।
नववर्ष के चलते विभिन्न होटलों में भी पहले से ही विशेष तैयारी की गई थी। कई होटल वालों ने रेस्त्राओं और होटलों को फूलों व गुब्बारों से सजाया था। कई जगहों पर डीजे और नाच गाने का प्रबंध किया था। कई जगहों पर विशेष छूट दी जा रही थी। होटलों में नया साल मनाने के लिए काफी संख्या में युवा वर्ग के साथ कई लोग परिवार सहित पहुंचे। नए साल की खुशी में कई जगहों पर केक काटे। वहीं डीजी की धुन पर रात 12 बजे तक युवा थिरकते रहे। इसके बाद लोगों ने नए साल के आगमन पर एक दूसरे को बधाई दी और पटाखे चलाकर उमंग का इजहार किया। कई लोगों द्वारा रिश्तेदारों को फोन करके नए साल की शुभकामनाएं दी गईं।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध
नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस की तरफ से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। हुड़दंगियों पर लगाम और अप्रिय घटना रोकने के लिए जगह-जगह जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। वाहनों की चेकिंग भी बढ़ाई गई थी। हाईवे पर भी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इतना ही नहीं, रात में पुलिस की गश्त और बढ़ा दी गई थी, ताकि कोई भी नशे में हुल्लड़बाजी न कर सके।