उधमपुर। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग की तरफ से पटनीटॉप में पांच दिवसीय ट्रेकिंग अभियान सोमवार को संपन्न हो गया। इसमें जिले के विभिन्न जोन के लगभग 55 छात्र और आठ अधिकारी शामिल थे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए खेल अधिकारी रमेश चंद्र मिश्रा ने युवाओं की शारीरिक, मानसिक और नैतिक शक्ति को आकार देने में साहसिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ट्रेकिंग कैंप न केवल सहनशक्ति, अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व गुणों को बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना भी पैदा करते हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों से सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए इस अवसर का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मकसद युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स, फिजिकल फिटनेस, अनुशासन और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने पटनीटॉप और उसके आस-पास की कई जगहों पर ट्रेकिंग की।