उधमपुर। उधमपुर पूर्वी के विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने 77 किसानों की शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) जम्मू के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
यात्रा का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम नवाचार और तकनीकी हस्तक्षेपों से परिचित कराना था। इसमें जिले में तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया। विधायक ने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम पहल के तहत विभाग के प्रयासों की सराहना की और किसानों को दौरे के दौरान देखी गई सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाकर यात्रा का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।विश्वविद्यालय में किसान तिलहन फसल, फूलों की खेती, अनाज, सब्जियों आदि में किए जा रहे खेती के प्रयोगों, पौधों की किस्मों और परीक्षणों को सीखेंगे। किसान संस्थान के वैज्ञानिकों, विस्तार कर्मचारियों से भी बातचीत करेंगे और उन्हें नवीनतम फसल प्रौद्योगिकियों के बारे में नए विचारों की जानकारी भी मिलेगी। तिलहन फसल की खेती, उत्पादन और तेल निकालने के बारे में भी ज्ञान प्राप्त करेंगे। यह यात्रा निदेशक कृषि जम्मू अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। मुख्य कृषि अधिकारी हरबंस सिंह और एसडीएओ अजय शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।