उधमपुर। पिछले दो दिनों से आसमान पर बादलों की आंखमिचौली और बारिश की कमी के कारण कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। उस पर पिछले पिछले लगभग डेढ माह से बारिश न होने की वजह से सुखी ठंड अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है।
अचानक मौसम में तबदीली से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। सर्द हवा और सुखी ठंड के चलते लोगों ने घरों से बाहर निकलना भी कम कर दिया है, वहीं बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
लगातार दूसरे दिन भी आसमान पर हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते बादलों के बीच सूर्य देवता की आंखमिचौली से लोग दोपहर के समय गर्म-सर्द की मार झेलते रहे। धूप न निकलने से कारण मौसम पूरा दिन सर्द रहा। हालांकि दोपहर के समय कुछ देर तक तेज धूप निकलने से लोगों न राहत की सांस जरूर ली लेकिन दोपहर बाद फिर से बादल और बारिश न होने की वजह से सुखी ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह और शाम के समय कई जगहों पर कोहरे की वजह से भी लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। धूप की कमी की वजह से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। अचानक बढ़ी ठंड ने आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। कड़ाके की ठंड ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।