हाउसिंग कालोनी में शार्ट सर्किट से जलकर खाक हुई ड्राइ क्लीन की दुकान।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। हाउसिंग कालोनी में बुधवार देर रात एक ड्राई क्लीन की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों का सामान जल गया। इसमें कई लोगों के कोटपैंट, साड़ियां और भारी मात्रा में पर्दे भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम 4 बजे दुकानदार विशाल दुकान बंद करके घर चला गया था। रात करीब साढे़ 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया और मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गई। मौके पर पहुंचे फायर सर्विसेस विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाया लेकिन तब तक अधिकतर सामान जलकर राख हो गया था।
उधमपुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर रहने वाले दुकानदार विशाल भी वाहन कर मौके पर पहुंचे। दुकान की हालत देखकर उनका और पत्नी का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। विशाल ने बताया कि उसकी दुकान में कई दर्जन लोगों के पर्दे पड़े थे जबकि हजारों की कीमत के कोटपैंट, साड़ियां और लहंगे भी रखे हुए थे जोकि आग की चपेट में आने से जल गए। उनकी दुकान का सामान भी आग में खत्म हो गया। इससे उन्हें लगभग दो लाख से भी अधिक का नुकसान हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा ने भी हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने उन लोगों से भी अपील की कि जिन लोगों का सामान दुकान में जल गया है वो पीड़ित को भविष्य में अपने सामान के लिए परेशान न करें और हो सके तो हर कोई उसकी मदद करने का प्रयास करें। वहीं प्राथमिकी जांच में सामने आया है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।