उधमपुर। बारिश व जलभराव के कारण रद्द की गई कई ट्रेनें फिर से बहाल की जा रही हैं। इसके तहत उधमपुर-पठानकोट-उधमपुर के बीच चलने वाली डीईएमयू का संचालन एक दिसंबर से शुरू होने जा रहा है।
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में पिछले कुछ महीने पहले हुई लगातार बारिश व जलभराव के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। मंडल के अधिकारियों द्वारा ट्रेनों को फिर से क्रमवार संचालित किया जा रहा है। इसके तहत कुछ ट्रेनों का 7वें फेस में फिर से परिचालन जम्मू मंडल से शुरू होने जा रहा है। इनमें उधमपुर और पठानकोट के बीच चलने वाली डीईएमयू लोकल ट्रेन भी शामिल है। इनमें ट्रेन संख्या 14662 ( जम्मूतवी - बाड़मेर), ट्रेन संख्या 22462 ( श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा- नई दिल्ली ) और ट्रेन संख्या 74907 (पठानकोट-शहीद कैप्टन तुषार महाजन ) का संचालन एक दिसंबर से शुरू हो रहा है। ट्रेन संख्या 74906 (शहीद कैप्टन तुषार महाजन-पठानकोट ) दो दिसंबर से संचालित की जाएगी।
इन ट्रेनों के संचालन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और निरंतरता सुनिश्चित होने के बाद इन ट्रेनों का फिर से संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें 7वें फेस में चलाई जा रही हैं, इससे पहले भी 6 फेस में ट्रेनों का संचालन किया गया था। आगे भी मंडल में ट्रेनों का रेल परिचालन धीरे- धीरे सामान्य किया जा रहा है । किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि पहले उत्तर रेलवे की वेबसाइट या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर ट्रेन शेड्यूल की जांच अवश्य कर लें।