उधमपुर। आंगनबाड़ी केंद्र तालाब मोहल्ला को पालन योजना के तहत क्रेच के रूप में भी विकसित किया गया। इसके तहत कामकाजी महिलाएं व्यस्त समय में अपने बच्चों को केंद्र में बिना किसी फिक्र के छोड़ सकती हैं। केंद्र में सोमवार को सीडीपीओ चिनैनी कनु मगोत्रा की अध्यक्षता में आयाेजित उद्घाटन समारोह में जिला प्रोग्राम आफिसर सुभाष चंद्र डोगरा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
डोगरा ने बताया कि बच्चों को पूरा दिन रखने, बेहतर पोषण, सोने, खेलने और उनके विकास की निगरानी और देखभाल को लेकर भी केंद्र में व्यवस्था की गई है। पोषण के साथ-साथ उनकी पढ़ाई लिखाई की भी पूरी व्यवस्था की गई है। योजना के तहत उधमपुर में 6 के करीब क्रेच स्थापित किए जाएंगे। जिनमें से कुछ का संचालन हो चुका है जिनमें एक रामनगर और दो उधमपुर के केंद्र शामिल है। इसके अलावा नगर परिषद उधमपुर के अधीन भी ऐसे केंद्र खोले जाएंगे।