उधमपुर। उधमपुर जेकेएएस एसोसिएशन ने जेकेएएस अधिकारी बीडीओ नगरोटा के साथ मारपीट के खिलाफ जिला विकास आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जेकेएएस एसडीएम चिनैनी रंजीत कोतवाल ने कहा कि बीते दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि चुनावी डयूटी में तैनात बीडीओ नगरोटा का एक मेटाडोर चालक के साथ विवाद होने पर एसडीपीओ गांधी नगर बीच में हस्तक्षेप करते हैं। इसमें बीडीओ के साथ मारपीट की जाती है। कोतवाल ने कहा कि इस घटना को लेकर जेकेएएस अधिकारियों में रोष है और कई अन्य लोगों ने भी घटना की निंदा की है। अगर एक एसडीपीओ एक जेकेएएस अधिकारी के साथ इस तरह का बर्ताव करता है तो आम आदमी के प्रति उसका कैसा रवैया होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं उप राज्यपाल से ऐसे पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।