उधमपुर। विधानसभा की बडगाम सीट (27) के लिए बुधवार को हुए उपचुनाव में उधमपुर में रह रहे 68.75 प्रतिशत विस्थापित मतदातों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आईटीआई उधमपुर में बने विशेष मतदान केंद्र में सुबह 7 से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में कुल 16 विस्थापितों में से 11 ने मतदान किया। इसमें 7 पुरुष और 4 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान को लेकर पहुंचे मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आया और उन्होंने मतदान के लिए की गई व्यवस्थाओं पर भी संतोष जताया।
अर्निका ने कहा कि प्रशासन की तरफ से सभी व्यवस्थाएं बढि़या तरीके से पूरी की गईं थीं। उनके पिता चल नहीं सकते, तो उनके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि मतदान बहुत जरूरी है और यह हमारा अधिकार भी है। हमने घर वापसी, क्षेत्र के विकास और विस्थापितों के लिए बेहतर सुविधाओं के लिए वोट किया है।
विस्थापन के बाद से बडगाम विधानसभा सीट के कुल 27 मतदाता उधमपुर में रह रहे हैं, जिनमें से 11 ने डाक मतपत्र के माध्यम से पहले ही अपना वोट डाल दिया था। शेष 16 में से 9 पुरुष व 7 महिला मतदाताओं के लिए बनाए गए पोलिंग बूथ पर मतदान सुबह नौ बजे तक धीमा रहा और इसके बाद शाम 4 बजे तक बजे तक केवल 11 वोट ईवीएम में दर्ज हुए। इसके बाद कोई मतदाता वोट डालने नहीं आया। कश्मीरी विस्थापित मतदान केंद्र के एआरओ डॉ. अश्वनी हंसा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुरक्षा व्यवस्था के अलावा मतदाताओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गईं थीं।