उधमपुर। रेहंबल और मजालता पुलिस ने अलग-अलग नाकों पर नशा तस्करों से हेरोइन बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में फ्लाटा नाके पर पुलिस ने जम्मू से उधमपुर की ओर आ रही एक टैक्सी को रोका। तलाशी लेने पर यात्री रईस अहमद राथर निवासी कालूसा, बांदीपोरा से 9.24 ग्राम हेरोइन और बाजिल नजीर निवासी नौपोरा, बांदीपोरा से 10.10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में रेहंबल थाने में केस दर्ज किया है। एक अन्य मामले में पुलिस थाना मजालता की टीम ने बट्टल नाके पर मनवाल से बट्टल की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार लतीफ अली निवासी जगती नगरोटा, जिला जम्मू की तलाशी ली। उसके पास से 50 ग्राम हेरोइन और 6100 रुपये की नकदी और एक वजन तौलने की मशीन बरामद की। इस संबंध में थाना मजालता में केस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा मजालता में ही मनवाल गंभीर नाले के पास गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संजय कुमार निवासी डंसल, जिला जम्मू को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। संवाद