धार रोड का अधूरा पड़ा निर्माण।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शहर के बीचोबीच दोमेल से लेकर सलाथिया चौक तक धार रोड पर माॅडल रोड का निर्माण पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है जोकि जल्द ही फिर से शुरू होने जा रहा है। यह जानकारी डीसी सलोनी राय ने दी।
पहले चरण में इस परियोजना को मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि दूसरे चरण में सलाथिया चौक से लेकर वीनस चौक तक अप्रैल में काम शुरू होना था। हालांकि पहले चरण का काम लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है लेकिन तकनीकी कारणों की वजह से काम बीच में बंद होने से परियोजना पूरी नहीं हो पाई।
जनवरी मध्य में बीआरओ की टीम ने अपने कर्मियों व मशीनों के साथ सलाथिया चौक से निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे व्यापारियों, अवैध पार्किंग को दूर करने और धार रोड पर फैली अव्यवस्था को भी दुरुस्त करने के प्रयास किए गए। नवंबर महीना शुरू होने के बावजूद भी विकास कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। पहलेे चरण में ग्रेफ और जिला प्रशासन की ओर से परियोजना पर 60 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं जबकि सौंदर्यीकरण को लेकर अन्य संबंधित विभाग से जुड़े कार्यों के लिए पैसा अलग से खर्च होना हैं।