उधमपुर। नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने जनवरी से अक्तूबर 2025 तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 116 मामले दर्ज किए गए। 168 लोगों की गिरफ्तारी हुई। इनमें एनडीपीएस के तहत 150 और पीआईटी एनडीपीएस व पीएसए के तहत 18 लोग शामिल हैं। नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए गए 53 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि एच1 दवाओं से संबंधित उल्लंघनों के लिए 10 दवा दुकानों को सील कर दिया गया।
इस अवधि के दौरान जब्त किए गए प्रतिबंधित माल की कुल अनुमानित कीमत 8.45 करोड़ है। इसमें हेरोइन 1.18 किलोग्राम, चरस 1.13 किलोग्राम, भुक्की 160.9 किलोग्राम और गांजा 1.06 किलोग्राम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पंचैरी क्षेत्र में 2 कनाल और 10 मरला जमीन पर फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया।
एक बड़ी वित्तीय कार्रवाई में ड्रग तस्करों के 56 बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए। इनमें कुल 17,59,893 रुपये की राशि शामिल थी। इसके अलावा, एनडीपीएस प्रावधानों के तहत 8.30 करोड़ मूल्य की संपत्तियां जब्त की गई, जिनमें 8 आवासीय मकान, 2 दुकानें, 1 फ्लैट, 28 वाहन, 2 बचत खाते और 12 मरला जमीन शामिल हैं। अभियोजन पक्ष की ओर से, 41 मामलों में 52 दोष सिद्धि हुईं।