उधमपुर। घोरड़ी ब्लॉक की कसूरी पंचायत में सिर्फ एक यात्री बस चलने से लोगों को आवागमन मेें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार सरकार व प्रशासन से यात्री वाहनों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। इससे पांच हजार के करीब लोग परेशान हैं।
गांववासियों के अनुसार, क्षेत्र से सुबह बस चलती है। वह दोपहर बाद उधमपुर से लौट आती है। इसके चलते गांवों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सरपंच मदन लाल का कहना है कि ऐसी दो पंचायतों में एक-एक बस लगाई गई है जो नाकाफी है। दोपहर में अगर किसी को उधमपुर जाना पड़े तो उसे पहले तनाल जाना पड़ता है फिर वहां से उसे यात्री वाहन मिलता है। क्षेत्र में यात्री वाहनों की संख्या बढ़ाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं।
रिपोर्ट, परवेज खान