गुडार के लोगों के साथ सड़क की समस्या को लेकर डीसी आफिस पहुंचीं प्रीति खजूरिया।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। वरिष्ठ नेत्री व वार्ड नंबर एक की पूर्व पार्षद प्रीति खजूरिया ने अपर गुडार क्षेत्र में बरसात के दो महीने बीत जाने के बाद भी मलबा न हटाए जाने को लेकर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने बताया केि पिछले दिनों उन्होंने दरसू और गुडार का दौरा किया और स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। इसको लेकर वह डीसी सलोनी राय से भी मिलीं और उनको भी वहां की पीएमजीएसवाई सड़क की स्थिति से अवगत कराया। गुडार में मलबा साफ न होने की वजह से स्थानीय लोगों को जानवरों के लिए चारा लाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है अगर कोई बीमार हो जाए तो मुख्य सड़क तक लाने में भी परेशानी आ रही है। बच्चों को स्कूल के लिए भी पैदल चलना पड़ रहा है। स्थिति न केवल नागरिकों के दैनिक जीवन में दिक्कतें पैदा कर रही है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिमों को भी आमंत्रित कर रही है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को विभाग के अधिकारियों के सामने भी रखा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि विभाग द्वारा नागरिक सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खजूरिया ने डीसी से उचित कदम उठाने का आग्रह किया ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।