पौनी। कस्बे के मुख्य बाजार में रहने वाले लोगों को गंदगी से छुटकारा मिलेगा। वीरवार को अप्पर बाजार में स्थित नालियों की सफाई का काम लोक निर्माण विभाग ने शुरू करवाया।
स्थानीय दुकानदार देविंद्र कुमार व शुभम शर्मा ने बताया कि कई महिनों से नालियां ब्लॉक थीं। जिस कारण नालियों का सारा पानी सड़कों पर आ जाता था। लोगों का पैदल तक चलना मुश्किल हो जाता था। खास कर बारिश में तो नालियां ब्लॉक होने से लोगों की दुकानों में पानी चला जाता था। कई दुकानदारों का नुकसान भी हुआ है। इस पर लोक निर्माण विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर जाकिर ने बताया कि लोगों की शिकायत थी कि नालियां ब्लॉक हुई हैं, जिस कारण नालियों में जमा गंदगी सड़कों पर फैल जाती है। लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। उसके चलते नालियां साफ कराने के साथ सड़क के किनारे उगी घास को साफ कराने का काम शुरू करा दिया गया है ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।