उधमपुर। सरकारी महिला डिग्री कालेज ने छात्राओं के लिए निशुल्क कौशल संवर्धन पाठ्यक्रम प्रदान करने के लले एक शिक्षा मंच, जेएंडके डिस्पैच के साथ एक वर्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
समझौता ज्ञापन का उद्देश्य छात्रों को उद्योग-संबंधित प्रशिक्षण, डिजिटल साक्षरता और वर्तमान व्यावसायिक मांगों के अनुरूप संचार कौशल प्रदान करके सशक्त बनाना है। इसके माध्यम से कालेज और जेएंडके डिस्पैच संयुक्त रूप से डिजिटल मीडिया, सामग्री निर्माण, संचार, व्यक्तित्व विकास और उद्यमिता पर केंद्रित कार्यशालाएं, प्रशिक्षण सत्र, इंटर्नशिप और प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
प्रधानाचार्या नलिनी पठानिया ने इस पहल में भागीदारी के लिए जेएंडके डिस्पैच के प्रति आभार व्यक्त किया और महिला सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सहयोग सैद्धांतिक शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव के बीच की खाई को पाटेगा, जिससे हमारे छात्र आत्मविश्वासी, सक्षम और करियर के लिए तैयार होंगे। जेएंडके डिस्पैच के संस्थापक करणजोत सिंह ने कालेज के साथ काम करने के अवसर की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन जम्मू-कश्मीर में निशुल्क, सुलभ और उच्च-गुणवत्ता वाले कौशल कार्यक्रमों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को पोषित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम निशुल्क, परिसर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दोनों के माध्यम से संचालित किए जाएंगे, जिससे अधिकतम भागीदारी और समावेशिता सुनिश्चित होगी।