आदर्श कॉलोनी कब्रिस्तान से जुड़ती रोड का उद्घाटन करते हुए विधायक पवन गुप्ता
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। आदर्श काॅलोनी स्थित कब्रिस्तान रोड पर लंबे समय से खस्ताहाल सड़क पर तारकोल का काम शनिवार को शुरू कर दिया गया। उद्घाटन करने पहुंचे उधमपुर पश्चिम विधायक ने गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर काम बंद करवा दिया। हालांकि विधायक की फटकार के बाद लोक निर्माण विभाग ने तकनीकी खामियों को दूर कर फिर से सामग्री तैयार की और तारकोल डालने का काम शुरू किया।
शनिवार को न्यू बस स्टैंड के सामने पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग से कब्रिस्तान के रास्ते आदर्श कालोनी को जोड़ने वाली सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू किया गया। इसका शुभारंभ करने के लिए विधायक पवन कुमार गुप्ता अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां स्थानीय लोग भी मौजूदा थे। निर्माण कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने में विधायक ने खुद लोक निर्माण विभाग की ओर से बिछाई गई तारकोल की जांच की। तकनीकी रूप से खामियां पाए जाने पर विभाग के अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर काम बंद करने के निर्देश दिए। विधायक की इस कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने सहमति जताते हुए आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि शहर की सड़कों की दशा सुधारना उनकी प्राथमिकता है लेकिन गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए कार्य को बंद करा दिया गया है और संबंधित अधिकारी को पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों को ध्यान में रखकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि विधायक की फटकार के बाद विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और निर्माण एजेंसी से फिर से सामग्री तैयार करवाकर तारकोल डालने का काम शुरू कराया गया।