उधमपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में भैया दूज का त्योहार काफी हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामन की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उपहार दिए। इस त्योहार पर मिठाइयों और उपहार की जबरदस्त खरीदारी हुई। इसके चलते बाजारों में काफी रौनक रही। यात्री वाहनों में भी काफी भीड़ देखी गई।
प्राचीन देविका नगरी उधमपुर में भैया दूज के इस पावन त्योहार को लेकर सुबह से ही बाजारों व गलियों में चहल पहल रही। आज नए-नए परिधानों में जहां भाई नजर आ रहे थे। वहीं, बहनें भी नए परिधानों में प्रसन्न दिख रही थीं। हर्ष और उल्लास के वातावरण में भैया दूज के इस पावन पर्व पर वीरवार को आपसी स्नेह को मजबूत होते देखा गया।
पावन पर्व पर भाई अपने बहनों के घर भोजन के लिए पहुंचे तथा पारंपरिक टीका तिलक और पूजनोत्सव के बाद थाली में पकवान परोसे गए। भाइयों की तरफ से बहनों को उपहार भी भेंट किए गए। बाजारों में उपहार की दुकानों पर भीड़ नजर आई। शहर में चलने वाले यात्री वाहनों में भी शाम तक भीड़ रही। हर ओर भैया-दूज का उत्साह रहा, जबकि मंदिरों में भी लोग आस्था के साथ माथा टेकने पहुंचे और भाइयों के लिए बहनों द्वारा तथा बहनों के लिए भाइयों द्वारा सुख-समृद्धि की कामना की गईं।