विश्वकर्मा मंदिर में माथा टेककर प्रसाद लेते श्रद्धालू।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा मंदिर में बुधवार को हवन व भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और लंबी कतारों में लग कर मंदिर में माथा टेका। साथ ही सभी कारीगरों व मिस्त्रियों ने कामकाज बंद रख कर उपकरणों की पूजा की।
सुबह करीब 9 बजे हवन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सुबह करीब 10 बजे हवन की पूर्ण आहुति डाली गई। इसके बाद विश्वकर्मा सभा के पदाधिकारियों ने मंदिर पर झंडा फहराया। मंदिर में माथा टेकने के लिए दोपहर करीब दो बजे तक श्रद्धालु लंबी कतारों में लगे हुए नजर आए। कतार इतनी लंबी थी कि श्रद्धालु राजमार्ग तक पहुंच गए थे। दोपहर करीब एक बजे भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर में माथा टेकने के लिए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया भी पहुंचे। मंदिर कमेटी के कार्यकारिणी प्रधान विजय मन्हास ने बताया कि हर साल की तरह विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया था। इसके चलते सुबह 4 बजे से भी सभी कारीगर अपना कामकाज छोड़कर मंदिर में माथा टेकने और अपने औजारों की पूजा करने में जुट गए थे। कीर्तन मंडली की ओर से हर वर्ष मंदिर में भगवान विश्वकर्मा के भजन व कीर्तन का गुणगान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कारीगरों, दिहाड़ीदारों के अलावा हर वर्ग से लोग हिस्सा लेते हैं और मंदिर में माथा टेकने सहित प्रसाद ग्रहण करते हैं। समारोह को सफल बनाने में प्रशासन, नगर परिषद और सुरक्षा एजेंसियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।