उधमपुर। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की तरफ से आयोजित उधमपुर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 मिनी स्टेडियम के इंडोर बैडमिंटन हॉल में शुरू हुई। पहले दिन हुए मुकाबलों में अंडर 15 आयु वर्ग लड़कों के एकल मुकाबलों में तन्वय ने शिवांक, पीयूष ने अध्ययन, सहज ने प्रणय और विदित ने मनप्रीत को हराया जबकि अंडर-17 लड़कों के एकल में अनीश ने कायरव और अभिनंदन ने प्रणय को हराया।
शनिवार से 13 अक्तूबर तक चलने वाले तीन दिवसीय टूर्नामेंट का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देना और जिले की उभरती बैडमिंटन प्रतिभाओं को एक प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त एसएसपी संदीप भट्ट थे, जबकि विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी पूरब सिंह थे।
कार्यक्रम में एसडीएओ और जेकेसीए चयनकर्ता, राज्य खिलाड़ी अजय शर्मा, जेडपीईओ जिब जोन ज्योति रानी, अध्यक्ष, हैंडबॉल एसोसिएशन विक्रम सिंह, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी नवीन शर्मा, युवा सेवा क्रिकेट कोच विनोद खजूरिया, वॉलीबॉल कोच संजय शर्मा भी मौजूद थे।