रियासी। जिला के बातल गला से बक्कल की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग पर वीरवार देर शाम हुई ऑल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक युवक घायल हो गया। बताया जाता है कि आपस में रिश्तेदार दोनों युवक विक्की कुमार पुत्र पंजाबु राम निवासी माड़ी और तरसेम कुमार पुत्र हेम राज निवासी गीता नगर वीरवार शाम को बक्कल स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे तो उन्हें फोन पर संपर्क किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
परिजनों ने बक्कल में फोन किया तो उन्हें बताया गया कि दो काफी देर पहले ही वापस निकल गए है। परिजनों ने पुलिस चौकी ज्योतिपुरम पहुंच कर रिपोर्ट लिखवाई। फोन की लोकेशन मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। देर शाम को हुई बारिश व चले तूफान ने तलाशी अभियान में बाधा डाली। ज्योतिपुरम पुलिस के साथ ही युवकों के रिश्तेदारों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाशी अभियान चलाया। रात को एक बजे के लगभग कार के गहरी खाई में पलटने का पता चला। जवान व लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान तरसेम कुमार काफी गंभीर अवस्था में घायल मिला, वहीं विक्की कुमार मौके पर मृत पाया गया। शव के साथ ही घायल को जिला अस्पताल में लाया गया। शव को शवगृह में रखा गया और घायल का उपचार जारी है। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।