रियासी। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए जय श्री राम के जयघोष लगाए और अयोध्या में स्थित राम मंदिर में हुई चढ़ावे की चोरी का विरोध जताया।
जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्थानीय डाक बंगला के बाहर धरना दिया। मौके पर कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। बाद में एक रोष रैली निकालकर नारेबाजी की गई। भाजपा का एक पाप का घड़ा बस अड्डे पर फोड़ा गया। प्रदर्शन को जिला प्रधान एडवोकेट अजय सलालिया, प्रदेश सचिव करन देव सिंह, पूर्व मंत्री जुगल किशोर शर्मा, पूर्व जिला प्रधान प्रीतम सिंह और राजेश सडोत्रा, वरिष्ठ नेता मुंशी राम सलालिया, बिशन मगोत्रा और महिला कांग्रेस की जिला प्रधान शोभा शर्मा ने संबोधित किया।
इस दौरान कहा गया कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी होना देश के लाखों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। चढ़ावा चोरी में प्रदेश और केंद्र सरकार का हाथ है। चढ़ावा चोरी की जांच को जिस प्रकार से शुरू किया गया, उसमें काफी संशय की स्थिति है। चोरी में संलिप्त कई लोगों खास कर प्रमुख लोगों से कोई पूछताछ नहीं हुई। एसआईटी का गठन सिर्फ खानापूर्ति करने के लिए किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चढ़ावा चोरी की जांच निष्पक्ष रूप से करवाने की मांग की।