रियासी। कटड़ा जाने वाला एकमात्र मुख्य सड़क मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है। कला मोड़ से सिंबल चोया में स्थित दरगाह तक सड़क क्षतिग्रस्त है। लगभग चार किलोमीटर के इस मार्ग पर सड़क का काफी हिस्सा कई स्थानों से धंस गया है। बेरीगेड व अवरोधक नहीं होने के कारण वाहन चालक परेशान हैं।
गौरतलब है कि बीते वर्ष हुई मूसलाधार बारिश से सड़क मार्ग के किनारों से तीन चार जगह से पहाड़ी गिर गई। इससे सड़क मार्ग तो ठीक रहा लेकिन कुछ मोड़ पर सड़क का रास्ता कम हो गया। विभाग की तरफ से अभी तक गिरी पहाड़ी को ठीक करने का काम शुरू नहीं करवाया गया है।
स्थानीय निवासी करन दीप सिंह, मुख्तियार अली, गंजा सिंह, अंग्रेज सिंह ने बताया कि विभाग की तरफ से ड्रम लगाकर औपचारिकता निभाई गई है। जिन-जिन जगहों पर मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है वहां पर मोड़ हैं। इससे हादसे होने की आशंका बनी हुई है। मंगलवार शाम को भी ऑल्टो कार हादसे की शिकार हो गई। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त पहाड़ी को ठीक करने या फिर दूसरी तरफ पहाड़ी को काटकर सड़क मार्ग को चौड़ा करने को कहा ताकि वाहन चालकों को परेशानी नहीं आने पाए। विभाग के मुख्य अभियंता पवन बोगिया ने कहा कि जल्द ही काम शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे।