रियासी। मुख्य बस अड्डे की हालत सुधारे जाने के साथ ही वहां बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की हालत में भी सुधार लाया जाएगा। मंगलवार को स्थानीय विधायक कुलदीप राज दुबे ने विधिवत तरीके से काम को शुरू करवाया।
इस मौके पर उन्होंने बताया कि बस अड्डे व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की हालत में सुधार लाने व विकास के लिए पहले चरण में एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उनके साथ मौके पर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शील मगोत्रा, पूर्व पार्षद अमित शर्मा व वीरेंद्र शर्मा, मंडल प्रधान करण देव सिंह, उपप्रधान सतपाल शर्मा व लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पवन बोगिया भी मौजूद रहे।
विधायक ने बताया कि जनता के साथ किए गए वादों को धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है। विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए इन्हें करवाया जा रहा है। हाल ही में कई विकास कार्य शुरू हुए हैं। अब बस अड्डे का सौंदर्यीकरण होगा तो इसकी खूबसूरती देखने को मिलेगी। इससे पहले बस अड्डे पर पहुंचने पर विधायक का स्वागत हार पहना कर किया गया।