रियासी। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने डीसी कार्यालय सम्मेलन कक्ष में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनिष्ठा शपथ के साथ हुई। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने शासन में पारदर्शिता सत्यनिष्ठा और जवाबदेही को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वक्ताओं ने सामाजिक कल्याण और विकास के लिए सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण और पारदर्शी उपयोग के महत्व पर ज़ोर दिया और सभी अधिकारियों से सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने का आग्रह किया। इस दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की उपलब्धियों को दर्शाती एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
इस अवसर पर बोलते हुए अधिकारियों ने प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क और जवाबदेह बने रहने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान एसएसपी परमवीर सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर पोषण सुदर्शन कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विजय कुमार, राजस्व विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर नितिन वर्मा, डीएसपी लक्ष्मी कांत, डीएसपी मुख्यालय विशाल सिंह जमवाल, इंस्पेक्टर भूषण मन्हास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।