रियासी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बाद रेलवे स्टेशन ग्रा में वंदे भारत का स्टॉपेज बनाए जाने की घोषणा का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। कहा कि अब ट्रेन के लिए कटड़ा नहीं जाना पड़ेगा। रियासी से बैठ सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत को जून माह में हरी झंडी दिखा कटड़ा से श्रीनगर के लिए रवाना किया था। तब से रियासी स्टेशन पर भी वंदे भारत का स्टॉपेज बनाए जाने की मांग मुखर थी। अब आने वाली 29 तारीख से वंदे भारत कटड़ा से श्रीनगर रवाना होने के बाद रियासी में भी रुकेगी।
स्थानीय युवा अंकुश नरगोत्रा ने कहा, स्थानीय विधायक व सांसद के प्रयास के बाद ही वंदे भारत का स्टॉपेज ग्रा स्थित रेलवे स्टेशन पर मंजूर हो पाया है। लोगों की पुरजोर मांग के बाद से ही विधायक कुलदीप राज दुबे इस पर काम कर रहे थे।
स्थानीय दुकानदार सुरिंदर शर्मा ने कहा कि कटड़ा से जब श्रीनगर के लिए वंदे भारत चली तो लोगों को काफी खुशी हुई लेकिन रियासी स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं होने से लोग दुखी हुए। अब जनप्रतिनिधियों ने लोगों के साथ किए वादे को पूरा कर वंदे भारत का स्टॉपेज बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसका फायदा जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को होगा।
दुकानदार सतपाल शर्मा ने कहा कि कश्मीर जाने के लिए रियासी के लोगों को पहले कटड़ा जाना पड़ता था फिर वापसी पर भी कटड़ा में ही उतरना पड़ता था। अब ग्रा रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत का स्टॉपेज बनाए जाने से इसका फायदा स्थानीय लोगों को ही नहीं व्यापारियों को भी होगा। लोकल ट्रेन की सुविधा को भी रोजाना जारी रखा जाना चाहिए।