रियासी। कई मशहूर हिंदी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाले वार्ड चार निवासी पंकज आनंद मौजूदा समय में युवाओं को एक्टिंग और गानों के प्रति जागरूक करने का जिम्मा संभालेंगे। पंकज कहते हैं, वह जम्मू कश्मीर के छोटे से शहर रियासी में युवाओं व बच्चों के लिए कुछ करना चाहते हैं। जहां कम सुविधाएं होने के बावजूद भी एक्टिंग के क्षेत्र में वह कुछ नया आयाम करने को तत्पर है।
वर्ष 2009 से लगातार पंद्रह वर्षों तक मुंबई में हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज व विज्ञापनों में पंकज ने अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया। हाल ही में यू ट्यूब पर अपना चैनल महादेव कृपा प्रोडक्शन शुरू कर गाना ओ मेरा शंकरा व मिनदला वाली मां के अलावा कई अन्य गाने रिलीज किए। पंकज का नया गाना गड्डी चली पाडरे व शिव शिव शंभू भोला रिलीज होने को तैयार है।
पंकज आनंद कहते है आज के युवाओं खास कर बच्चों को एक्टिंग व गायन के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। अभिभावकों को भी चाहिए कि वह अपने बच्चों को इन क्षेत्रों में आगे लाएं। वह स्वयं भी इसके लिए प्रयासरत है। पंकज आनंद हिन्दी फिल्म अक्कड़ बक्कड़ बंबे बो, हिचकी, साइलेंस नो वन केन हेयर, गुमराह, गोधरा कांड, दरबार, शमशेरा में दमदार भूमिका निभा चुके हैं। वेब सीरीज कर ले तू मोहब्बत, पॉयजन, दिले काउच, इनसाइड एज पार्ट दो में भी एक्टिंग की है। कॉमेडी गुजराती फिल्म हु एने तू में पंकज ने सरदार रंजीत सिंह का दमदार किरदार निभाया। वह हिंदी राजस्थानी गाना बाबला ऊंट भी गा चुके हैं। टेलीविजन सीरियल मेरी दुर्गा, कुल्फी कुमार बाजे वाला, मेरे पापा हीरो हीरा लाल, ससुराल सिमर का, परशुराम, सुहानी सी एक लड़की के अलावा क्राइम पेट्रोल सावधान में भी दिख चुके हैं।