रियासी। गीता जयंती मनाने को लेकर श्री सनातन धर्म सभा ने बैठक का आयोजन किया। प्रधान ब्रिज मोहन शर्मा ने बताया कि एक दिसंबर को गीता जयंती का शुभ अवसर है। इस अवसर पर सनातन सभा में गीता के श्लोकों की एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। जिले के विभिन्न सरकारी व प्राइवेट शिक्षण संस्थानों के बच्चों को गीता श्लोक प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। प्रतियोगिता को दो आयु वर्ग में बांटा जाएगा। बेहतरीन व स्पष्ट तरीके से श्लोक बोलने वाले विद्यार्थियों को सभा की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्रशंसा पत्र, ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को पंद्रह नवंबर तक नाम सभा के पास रजिस्टर्ड करवाना होगा।