फाइनल मैच जीतने वाली बाबा जित्तो क्रिकेट क्लब की टीम ट्रॉफी के साथ।
- फोटो : Reasi news
रियासी। गीता नगर में स्थित जिला पुलिस लाइन में आईआरपी की तरफ से बलिदान जवानों की याद में करवाई जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को हुआ। फाइनल मैच बाबा जितो क्रिकेट क्लब अगार बल्लियां की टीम ने नृसिंह क्रिकेट क्लब सलाल को 84 रनों से हरा कर जीता।
उधमपुर रियासी रेंज की डीआईजी सारा रिजवी मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ आईआरपी के डीआईजी विनोद कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी दी। वहीं उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया गया। उनके साथ एसएसपी परमवीर सिंह, आईआरपी पहली बटालियन की एसएसपी अनीता शर्मा, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुखदेव सिंह संबयाल, अतिरिक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मैच के दौरान बलिदान जवानों की फोटो के आगे दीप प्रज्वलित कर उन्हें पुष्प भी चढ़ाए गए। मैच के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी व स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। बाबा जितो की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। बल्लेबाज रोहित सिंह ने 43 गेंदों में पांच चौकों और चार छक्कों की सहायता से 70 रन बनाए वहीं उस्ताद जानू ने भी 57 गेंदों में नौ चौके व एक छक्का लगा कर 71 रन बनाए। शगुन ने नाबाद 16 रन बनाए वहीं टीम को 31 रन अतिरिक्त के रूप में मिले। सलाल के गेंदबाज प्रदीप ने दो जबकि सुखदेव सूर्या व सुनील ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए सलाल की पूरी टीम 15.3 ओवर में 107 रन ही बना सकी। कोई भी बल्लेबाज खुल कर नहीं खेल सका। बल्लेबाज प्रदीप ने 15, रोहित ठाकुर ने 26 और सुखदेव सूर्या ने 18 रन बनाए। बाबा जितो के गेंदबाज रोहित सिंह व शगुन ने तीन-तीन, वहीं विकास, मोहित शर्मा, जगजीत और हिटमैन शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।