रियासी में रामलीला की विशेष रात्रि में राजतिलक का मंचन हुआ।
- फोटो : reasi news
रियासी। स्थानीय ओपन एयर थियेटर में रविवार को रामलीला की विशेष रात्रि का मंचन श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से किया गया। विशेष रात्रि में भगवान श्री राम का राजतिलक हुआ जिसमें उन के साथ सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की मनमोहक झांकी निकाली गई। झांकी में विभीषण, सुग्रीव, अंगद और जामवंत के साथ ही अन्य राजा भी मौजूद रहे।
गणेश भगवान मंदिर के मुख्य पंडित चमन लाल शर्मा ने राम व अन्य को मुकुट पहनाया और उनके गले में फूलों की माला डाली गई। आरती करने के साथ हनुमान चालीसा का उच्चारण किया गया। बाद में प्रसाद को भोग लगा कर सभी को बांटा गया। इसके बाद श्रवण कुमार का मार्मिक दृश्य मंचित किया गया जिस में जंगल में शेर का शिकार करने आए राजा दशरथ के चलाए तीर से श्रवण कुमार की मौत हो जाती है। समापन पर मंडली के साथ जुड़े बाल कलाकारों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रामलीला के युवा चेहरे और पहली बार अभिनय करने वाली कलाकार तमन्ना को पुरस्कृत किया गया।