रियासी। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को अब कुछ हद तक राहत मिलेगी अस्पताल में 12 एमबीबीएस पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर की तैनाती स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की गई है। शुक्रवार को सभी डॉक्टर्स ने अस्पताल में अपना कार्यभार संभाल कर लोगों का उपचार शुरू कर दिया है। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर गोपाल दत्त ने बताया कि 12 डॉक्टरों के आने से लोगों की परेशानी दूर होगी। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने की मांग को लेकर सोलह दिनों से धरना देने वाले कांग्रेस के युवा नेता करण दीप सिंह ने धरना स्थगित कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों की तैनाती को अपनी जीत बताया।
भाजपा ने कहा, ये डॉक्टर तीन माह के लिए आए हैं
वहीं भाजपा के युवा नेता व पूर्व पार्षद अमित शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के साथ धोखा किया है। अस्पताल में जो पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर आए हैं वह तीन महीनों तक अपनी ट्रेनिंग करेंगे और वापस चले जाएंगे। उस के बाद फिर नए डॉक्टर भेजे जाएंगे। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बरकरार है जिसे दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर आने के बाद खुशी मना रहे हैं और इसका श्रेय ले रहे हैं वह लोगों को बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं।