रियासी। नगर परिषद में काम करने वाले अस्थायी कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर रहे। परिषद कार्यालय में कर्मचारी यूनियन के प्रधान पिंका संधू की अध्यक्षता में इकट्ठा हुए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने कहा कि जो कर्मी सात वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, उन्हें स्थायी किया जाए। पेंशन योजना पर भी ध्यान देने की मांग की गई। परिषद में नए कर्मचारियों की नियुक्ति कर संख्या बढ़ाने को कहा। बताया कि कम कर्मचारी होने के कारण सुबह जल्दी सभी वार्डों की सफाई कर पाना मुमकिन नहीं है। उन्होंने मांगें जल्द पूरी नहीं होने की सूरत में सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी। अध्यक्ष ने कहा कि वह लोग शांतिपूर्वक तरीके से धरना दे रहे हैं उनकी जायज मांगों को पूरा किया जाना चाहिए।