डोडा। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीर के बाद अब डोडा जिले के विभिन्न इलाकों में भी लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट के वांटेड पोस्टर चस्पा किए हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 15 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, लतीफ पर अनंतनाग के लाल चौक में पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या का आरोप है। इस मामले में वह वांछित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास लतीफ के ठिकाने या उसकी गतिविधियों से जुड़ी कोई विश्वसनीय जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित सुरक्षा एजेंसी को सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।