उधमपुर। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत अरुण चौधरी निवासी क्रोवा, उधमपुर की 35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन उधमपुर में दर्ज एफआईआर के अंतर्गत की गई है।
जब्त की गई संपत्ति में क्रोवा गांव में स्थित एक आवासीय मकान और एक वाहन (मारुति सुजुकी वैगन-आर) शामिल हैं। एनडीपीएस से संबंधित कार्रवाई में उधमपुर पुलिस द्वारा इस साल ड्रग तस्कर की जब्त की गई यह दूसरी आवासीय संपत्ति है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने उक्त संपत्ति अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन से अर्जित की थी। इन निष्कर्षों के आधार पर जांच अधिकारी ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बुधवार को कुर्की का आदेश पारित किया।
इस कार्रवाई के साथ उधमपुर पुलिस द्वारा इस वर्ष एनडीपीएस से संबंधित कुल संपत्ति कुर्क करने की राशि लगभग ₹1.10 करोड़ तक पहुंच गई है, जो मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ पुलिस की निरंतर और सख्त कार्रवाई को दर्शाती है।