जम्मू/कटड़ा। जम्मू मंडल के यात्रियों की सुविधा और स्थानीय मांग को पूरा करते हुए रेलवे ने श्रीनगर-कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव रियासी रेलवे स्टेशन पर भी करने का निर्णय लिया है।
29 अक्तूबर से ट्रेन संख्या 26401-26402 रियासी रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। वर्तमान में यह सेमी हाईस्पीड ट्रेन कटड़ा व श्रीनगर के बीच केवल बनिहाल स्टेशन पर रुकती है।
जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रियासी स्टेशन पर वंदे भारत को अप और डाउन दो मिनट का ठहराव दिया गया है। उन्होंने बताया कि नए स्टॉपेज का उद्देश्य रियासी जिले से बढ़ती यात्री मांग को पूरा करना है। यह रेलवे स्टेशन माता वैष्णो देवी व दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज के पास है। वंदे भारत ट्रेन के ठहराव के बाद इसका लाभ रियासी की जनता को मिलेगा। देश के विभिन्न प्रदेशों से आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी रियासी में घूमने का मौका मिलेगा। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।