किश्तवाड़। निदेशक कृषि जम्मू अनिल गुप्ता ने वीरवार को जिला किश्तवाड़ का दौरा कर कृषि विभाग की तरफ से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कहा कि केसर की खेती के विस्तार से किसानों की आय और रोजगार के साधन बढ़ेंगे।
उन्होंने सीएओ कार्यालय में आयोजित बैठक में सीएसएस, कैपेक्स, एचएडीपी, नाबार्ड एवं जेकेसीआईपी योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का जायजा लिया। योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, धन के समुचित उपयोग तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएओ किश्तवाड़ कौशल चंदेल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बाद में निदेशक कृषि ने गांव जैलना में हाई-टेक पॉली हाउस, पूछाल में किसान खिदमत घर तथा एचएडीपी के तहत स्थापित कम लागत वाले पॉलीहाउस एवं वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों का निरीक्षण किया। निदेशक कृषि ने पूछाल व बेरवाड़ क्षेत्र में केसर के खेतों एवं केसर विकास फार्म का भी दौरा किया और केसर किसानों से बातचीत की। उन्होंने केसर खेती के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि किश्तवाड़ की जलवायु केसर उत्पादन के लिए अनुकूल है और इससे किसानों की आय व रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।