किश्तवाड़। उपायुक्त किश्तवाड़ पंकज कुमार शर्मा ने शनिवार को एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। ये योजनाएं वित्तीय समावेशन कार्यक्रम के अंतर्गत चलाई जा रही हैं।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिलेभर में दोनों योजनाओं के अंतर्गत किए गए पंजीकरण और कवरेज की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों को इन बीमा योजनाओं के दायरे में लाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि उन्हें आवश्यक वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जा सके। उपायुक्त ने ब्लॉक विकास अधिकारियों, ज़ोनल एजुकेशन अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे डीसी कार्यालय द्वारा वितरित पीएमएसबीवाई और पीएमजेजेबीवाई फार्मों की अद्यतन स्थिति शीघ्र प्रस्तुत करें।
साथ ही बैंकों को भी निर्देश दिया गया कि वे विभिन्न विभागों से प्राप्त फार्मों की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि लाभार्थियों के पंजीकरण में देरी न हो।
बैठक में वित्तीय समावेशन के विभिन्न मानकों पर जिले के समग्र प्रदर्शन पर भी चर्चा की गई, जिसमें विभागों और वित्तीय संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय और जन-जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सीपीओ अखिल ठाकुर, एसीडी मुशर्रफ अली हफ, सीडीपीओ द्राबशाल्ला, डीआईओ डॉ. कुलदीप कुमार, एलडीएम हर्ष रावल, डिप्टी सीईओ मसूद अहमद काजी सहित अन्य अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।