किश्तवाड़। मौसम सुधार के बाद दो दिन बाद जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल खुल गए हैं। स्कूल खुलने के पहले दिन उपमुख्य शिक्षा अधिकारी मसूद अहमद काज़ी ने विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की हाजिरी तथा शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया। काज़ी ने प्राइमरी स्कूल ब्राह्मण मोहल्ला, मिडिल स्कूल गर्ल्स सरकूट तथा सामाजिक स्कूल आदर्श बाल निकेतन हाई स्कूल का दौरा किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे और आगामी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षाओं के मद्देनज़र विद्यार्थियों को पूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें।
निरीक्षण के उपरांत उपमुख्य शिक्षा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रस्तुत की। यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि विद्यालयों में उपस्थिति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।