बिलावर। आजादी के 75 साल बीत जाने के बाद भी उपमंडल के दूरदराज इलाकों के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। बग्गन लोअर पंचायत के वार्ड 8 मोहल्ला सगौत्रा के लगभग 25 घरों के लोगों को आज तक पेयजल सप्लाई भी उपलब्ध नहीं हो पाई है। नतीजतन 200 से अधिक आबादी को गांव में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ता है।
स्थानीय निवासी जगदीश, जोगेंद्र सिंह, बब्बू शर्मा, सुरेश, अजय कुमार, सुषमा देवी, आरती देवी और रेखा कुमारी ने बताया कि आज तक उनके मोहल्ले के किसी भी घर में पेयजल सप्लाई उपलब्ध नहीं करवाई गई और कोई भी नल आज तक उनके मोहल्ले में नहीं लगाया गया। उन्होंने बताया कि वाटर सप्लाई स्कीम थमनाल बग्गन का कार्य पूरा हो गया है और उनके वार्ड में आज तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। लोगों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में स्थानीय लोग गांव में स्थित केवल एक प्राकृतिक जल स्रोत पर ही निर्भर हैं और प्राकृतिक जल स्त्रोत का जलस्तर कम होने की वजह से उन्हें परेशान होना पड़ता है और मौजूदा समय में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में लोगों को दूषित पानी पीना पड़ता है जिससे बीमार होने का डर बना रहता है।
लोगों ने कहा कि यूं तो सरकार हर घर नल और हर घर जल पहुंचने के दावे करती है लेकिन उनके मोहल्ले में आज तक सरकार ने पेयजल सप्लाई उपलब्ध नहीं करवाई।
लोगों ने यह भी कहा कि गर्मियों के मौसम में अक्सर लोगों को जल संकट से जूझना पड़ता है और उनके मोहल्ले के ज्यादातर लोग पशुपालन का काम करते हैं और पानी की किल्लत की वजह से पशुओं को पानी पिलाने के लिए 4 किलोमीटर दूरी पर नला भीनी में ले जाना पड़ता है। लोगों ने विधायक सतीश शर्मा से मांग की है कि जल जीवन मिशन योजना के तहत उनके मोहल्ले में जल्द पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई जाए ताकि हर घर जल और हर घर नल योजना का लोगों को फायदा मिल सके।