उधमपुर। खेलो इंडिया के तहत जिला खेल विभाग की ओर से सोमवार को सुभाष स्टेडियम में दो दिवसीय यूटी लेवल अंतर जिला अंडर-17 एथलेटिक मीट का आगाज हुआ। पहले दिन 20 जिलों के 210 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर डायरेक्टर जनरल यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स जेएंडके गवर्नमेंट डॉ. सलीम उर रहमान मुख्य मेहमान थे। पहले दिन जम्मू, अनंतनाग और किश्तवाड़ का दबदबा रहा है।
सुबह करीब साढ़े दस बजे खेल निदेशक ने खेल प्रतियोगिता का आगाज एथलेटिक टार्च सौंप कर किया। इसके बाद दौड़, मध्यम दूरी, लंबी दूरी, लांग व हाई जंप के मुकाबले हुए। इस अवसर पर खेल निदेशक ने कहा कि खेल का जीवन में बहुत ज्यादा महत्व है। इससे युवाओं को अपने भविष्य को संवारने का अवसर मिलता है। युवाओं को अपने आप को नशे से दूर रख कर खेल की तरफ जाना होगा। खेल विभाग की तरफ से इसमें हर संभव सहायता की जाएगी। धनोड़ी स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड का प्रदर्शन किया। मुख्य मेहमान ने बैंड के दल केे स्पोर्ट्स किट देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी स्वर्ण सिंह, जेडपीईपीओ संतोष कुमारी, करतार सिंह, लक्ष्मी कांत, भीम सेन व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
शॉटपुट में किश्तवाड़ के समीर ने मारी बाजी
लांग जंप के मुकाबले में गांदरबल जिले के शोएब अहमद ने पहला, जम्मू के रिंकू सिंह ने दूसरा और सांबा के मिंटू खजूरिया ने तीसरा स्थान हासिल किया। शॉटपुट में किश्तवाड़ के समीर कुमार ने पहला, अनंतनाग के अरबाज बशीर ने दूसरा और जम्मू के अंशजोत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। हाई जंप के मुकाबले में कठुआ के इलियास अली ने पहला, जम्मू के सुरक्षया सिंह ने दूसरा और रियासी के राज मोहम्मद ने तीसरा स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में कठुआ के अभिषेक शर्मा ने पहला, किश्तवाड़ के समीर कुमार ने दूसरा और अनंतनाग के इरफान अहमद वानी ने तीसरा स्थान हासिल किया।