उधमपुर। त्योहारी सीजन शुरू होते ही देविकानगरी के बाजारों में यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। रविवार को सुबह से शाम तक बाजार के विभिन्न हिस्सों में जाम की स्थिति बनी रही, जिस कारण शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार की छुट्टी होने के कारण बाजार में लोगो की संख्या बहुत ज्यादा थी।
नवरात्र शुरू होने के साथ ही त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और इसी के साथ देविकानगरी का व्यापार भी पटरी पर लौटने लगा है। सामान्य से अधिक लोग बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। बाजार में इतनी ज्यादा भीड़ है कि अब सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसी कारण देविकानगरी में यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। बाजार में खरीदारी करने के लिए लोग अपने निजी वाहन लेकर लेकर पहुंच रहे हैं। निजी वाहनों की संख्या बढ़ने पर गोल मार्केट, इंदिरा चौक, लाल चौक, मेन बाजार, मुखर्जी बाजार, रामनगर चौक, सलाथिया चौक, बट्टल बालियां रोड व शहर के विभिन्न हिस्सों में सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बन रही है। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिस को तैनात किया गया है, लेकिन कई बार जाम को खुलवाना पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन की तरफ से त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए विशेष तौर पर काम किया जाना चाहिए।