उधमपुर। जिला अस्पताल में सहित विभिन्न केंद्रों में कोरोना जांच जोरशोर से जारी है। लेकिन जिला अस्पताल के कोविड टेस्टिंग केंद्र के बाहर लोगों के लिए न तो बैठने और न ही टैंट की व्यवस्था की गई है। अस्पताल और जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते लोग घंटों धूप में खडे़ रहकर बारी का इंजतार करना पड़ता है।
गर्मी के कारण कोरोना जांच के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जिस तरीके से कोरोना संक्रमण लगातार पांव पसार रहा है, उससे टेस्टिंग प्रक्रिया भी तेज हुई है। जिला अस्पताल में हर रोज सैकड़ों लोग जांच के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुजूर्ग, बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। भीड़ अधिक होने पर उन्हें घंटों लाइन में खड़ा होकर बारी का इंजतार करना पड़ता है। धूप के कारण काफी परेशानी हो रही है। बैठने और पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। विशेषकर बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है। जिला और अस्पताल प्रशासन से अपील है कि समस्या की ओर ध्यान दें और सुविधा मुहैया करवाएं।