-श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय दंगल, उपविजेता सुमित को मिले 1,25000 रुपये
कटड़ा। अंतरारष्ट्रीय दंगल कमेटी कटड़ा ने नवरात्र महोत्सव को लेकर रविवार को श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय दंगल करवाया। इसमें भारत, ईरान और जॉर्जिया के पहलवानों ने दमखम दिखाए। इस मौके सांसद जुगल किशोर शर्मा मुख्य अतिथि रहे।
पहला मुकाबला पहलवान सुमित मलिक और ईरान के अहमद मिर्जा के मध्य हुआ। अहमद ने जीत दर्ज कर 1,75000 रुपये नकद इनाम जीता। गुर्ज और पट्टा देकर सम्मानित किया गया। सुमित को 1,25000 रुपये इनाम दिया गया।
दूसरा मुकाबला जम्मू-कश्मीर पुलिस के पहलवान सुरजीत और ईरान के पहलवान गनी रेजा में हुआ। सुरजीत ने ईरान के गनी रेजा को हराकर 75000 रुपये इनाम जीता। गनी रेजा को 50000 रुपये इनाम मिले। तीसरा मुकाबला जम्मू-कश्मीर पुलिस के पहलवान विनिया और जॉर्जिया के पहलवान हेडो में हुआ। जॉर्जिया के पहलवान ने जम्मू-कश्मीर के पहलवान को हराकर 75000 रुपये इनाम जीता। जेकेपी के पहलवान को 50000 रुपये इनाम मिला।
बड़ी कुश्ती में दिल्ली की दिव्या ने हरियाणा की मेघा को हराया
महिलाओं की बड़ी कुश्ती में दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकारान ने हरियाणा की मेघा को हराकर 35000 रुपये इनाम जीता। मेघा को 25000 रुपये मिले। दूसरा मुकाबला महाराष्ट्र की कंचन राजा और दिल्ली की मीनू में हुआ। कंचन ने मुकाबला जीतकर 30000 रुपये जीते। मीनू को 20000 रुपये मिले। तीसरे मुकाबले में दिल्ली की रितिका ने महाराष्ट्र की बन्दन्तिका को हराकर 25000 रुपये इनाम हासिल किया। बन्दन्तिका को 15000 रुपये मिले। इससे पहले पूर्व राज्य मंत्री अजय नंदा, पूर्वी विधायक पवन गुप्ता, पूर्व विधायक बलदेव राज शर्मा ने दंगल का शुभारंभ किया। दंगल में पुरुषों के 21 और महिलाओं के तीन मुकाबले हुए। दंगल कमेटी अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजनों से भाईचारा बढ़ता है।युवाओं का खेलों में रुझान बढ़ता है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष रोहित दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष विमल इंदु, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रितु ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता प्रभात सिंह उपस्थित थे।