उधमपुर। सरकारी बाॅयज डिग्री काॅलेज उधमपुर के मैदान में रविवार को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इसको लेकर शहर व ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम स्थल डिग्री काॅलेज के मैदान को सुरक्षाबलों ने पूरी तरह से सील कर दिया है। वाहन चालकों को भी वहां से सुबह वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की तरफ से राष्ट्रीय पर्व को लेकर सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शनिवार को भी दिनभर अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों में जुटे रहे।
सुबह 9:55 बजे मुख्यातिथि फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के विभाग के मंत्री जावेद अहमद राणा मुख्य मेहमान होंगे। सुबह 9:55 बजे मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, इसके बाद परेड का निरीक्षण करेंगे। उनके भाषण के बाद पुलिस, एनसीसी और स्थानीय स्कूलों की टुकड़ियाें की ओर से मार्चपास्ट किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश होंगे। अंत में 11:55 पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इससे पहले नगर के प्रमुख चौक चौराहों पर विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संस्थाओं की तरफ से तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के चप्पे चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी नाकों को भी अलर्ट कर दिया गया है। जखैनी इलाके में घाटी से जम्मू की तरफ जाने वाले छोटे वाहनों की तलाशी ली जा रही है। रामनगर, मजालता और चिनैनी तहसील में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राजमार्ग के कई हिस्सों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सभी रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। आयोजन स्थल डिग्री काॅलेज के अंदर किसी को भी जांच के बिना अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। काॅलेज के मैदान में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
पुराने राजमार्ग पर डाक बंगला तक यात्री वाहनों की रहेगी रोक
गणतंत्र दिवस के आयोजन के दौरान ट्रैफिक रूट में भी बदलाव रहेगा। शहर के गुजरते पुराने राजमार्ग पर डाक बंगला तक सुबह यात्री वाहन व अन्य बड़े वाहन नहीं चलेंगे। मेटाडोर स्टैंड और बस स्टैंड से भी गाड़ियां हटाई गई हैं। एमएच चौक पर खड़ी रहने वाली बसों को खड़ा करने से मना कर दिया गया है। धार रोड खुला रहेगा। ओमाड़ा मोड़ के लिंक रोड से शहर में गाड़ियों को चलने की अनुमति होगी। बड़े वाहन ट्रक बस को फोर लेन राजमार्ग से गुजरना होगा। समारोह के समाप्त होने तक ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा और उसके बाद सामान्य ट्रैफिक चलेगा।
दोपहर 12 बजे तक दुकानें रहेंगी बंद
गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए दोपहर 12 बजे तक बाजारों में अधिकतर दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान बाजार के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित होंगे। डिग्री काॅलेज में कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे बाजार को खोल दिया जाएगा। इस अवसर पर हलवे आदि के प्रसाद भी वितरित किए जाएंगे।