उधमपुर। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण को लेकर उधमपुर पूरी तरह से तैयार हो चुका है। 16 जनवरी शनिवार को उधमपुर में जिला अस्पताल और सीएचसी चिनैनी में स्वाथ्स्य विभाग के कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग के डीएचओ डा. यासीन का कहना है कि वैक्सीन को लेकर लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। लोग बिना डरे टीका लगाएं। दोनों स्थानों पर शनिवार को सौ-सौ कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा।
देशभर में 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण की शुरूआत होने जा रही है। इसके लिए उधमपुर में भी कई दिन पहले तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। कुछ दिन पहले इसको लेकर ड्राइ रन ट्रायल भी किया गया था। शुरूआत में टीकाकरण के लिए दो स्थानों का चयन किया गया है। शनिवार को जिला अस्पताल उधमपुर और सीएचसी चिनैनी में सौ-सौ स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। जिला अस्पताल में इसके लिए तीन और सीएचसी चिनैनी में छह कमरे तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही टीमों का गठन भी किया गया है। दोनों स्थानों पर पांच-पांच लोगों को तैनात किया गया है। इनमें दो स्वास्थ्य विभाग, एक पुलिस और दो कर्मचारी अन्य विभाग के कर्मी होंगे।
जिले में शुक्रवार को पहुंच जाएगी वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन के उधमपुर पहुंचने का इंतजार शुक्रवार को खत्म होगा। टीकाकरण के लिए वैक्सीन शुक्रवार को उधमपुर पहुंचेगी। इसके बाद संबंधित स्थानों तक पहुंचा दिया जाएगा। सुबह नौ बजे टीकाकरण की शुरूआत होगी। शाम करीब पांच बजे तक टीकाकरण कार्य चलता रहेगा। सबसे टीका लगाने के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद उसकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी। टीका लगाने के बाद उसको आधे घंटे के लिए अबर्जवेशन में रखा जाएगा।
दोनों स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद
टीकाकरण के दौरान जिला अस्पताल में डीसी डॉ. पीयूष सिंगला टीम के साथ मौजूद रहेंगे। वहीं, सीएचसी चिनैनी में एसडीएम को तैनात किया गया है। दोनों अधिकारी टीकाकरण के दौरान स्थिति पर नजर रखेंगे। वहीं, पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। चिनैनी जाकर तैयारियों का जायजा लिया है, जहां लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इसको लेकर किसी को डरने की जरूरत नहीं है। अगर किसी को डर लग रहा है तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पहले खुद टीका लगवाएंगे और फिर दूसरों को लगाने को कहेंगे।
-डॉ. मोहम्मद यासीन, डीएचओ उधमपुर