रामनगर और मनवाल के बीच टनल नंबर 19 के नजदीक सुबह श्री शक्ति एक्सप्रेस को डेढ़ घंटे के लिए रोकना पड़ा। इस क्षेत्र में चोरों ने तार चोरी करने के लिए उसे काट दिया था। हालांकि वे तार लेकर जाने में सफल नहीं हो सके, क्योंकि तारें फंस गई थीं। गौरतलब है कि ट्रैक के विद्युतीकरण के लिए बिजली के तार लगाए गए थे। इन तारों को चोरी करने की घटना इस क्षेत्र में पहले भी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह चार बजे के करीब अचानक श्री शक्ति एक्सप्रेस को रोक दिया गया। ट्रैक पर बिजली के तार लटके होने से ऐसा करना पड़ा। जम्मू से 47.1 एक किलोमीटर दूर हुई इस घटना के कारण श्री शक्ति एक्सप्रेस कटड़ा दो घंटे देरी से पहुंची। इंजन के ड्राइवर की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के वक्त ट्रेन में अधिकतर यात्री सो रहे थे, जिससे किसी को भी इस घटना का पता नहीं चल सका।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कटड़ा से जम्मू तक इलेक्ट्रिफिकेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। तारों को चोरी करने की घटना पहले भी हो चुकी है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही कई बार प्रभावित होती रही है। हालांकि नजदीक ही जीआरपी की चौकी भी है और सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं।
सुबह तड़के सुरक्षाकर्मी भी चौकी के अंदर थे और चोर रात के अंधेरे में तार काटते रहे। घटना की रिपोर्ट रामनगर जीआरपी पुलिस चौकी को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।