उधमपुर। शनिवार शाम को अचानक आए तूफान और बारिश से एक परिवार बेघर हो गया। उधमपुर जिले के घोरड़ी ब्लॉक की बिंडला पंचायत के वार्ड चार में अब्बुल गनी और शमश दीन दोनों पुत्र जलाल दीन के संयुक्त घर की टीन की छत उड़ गई। इससे घर के भीतर रखा सामान भी खराब हो गया।
परिवार में रहने वाले करीब 10 लोग बेघर हो गए हैं। प्रभावितों का कहना है कि घरों को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे उन्हें तत्काल सहायता की जरूरत है। वहीं हालात का जायजा लेने पहुंची पूर्व बीडीसी चेयरमैन आरती शर्मा ने घटना पर गहरी चिंता जताई। कहा कि परिवारों ने अपने आश्रय और सामान खो दिए हैं। उन्हें अपना जीवन फिर से शुरू करने में मदद करने के लिए तत्काल मुआवजा और राहत उपाय आवश्यक हैं। उन्होंने उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम), रामनगर के समक्ष भी मामला उठाया और अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी करने और शीघ्र सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि राहत प्रयासों को प्राथमिकता दी जा रही है।